
रायपुर । छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर में यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की प्रस्तावित नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया। इस परियोजना में 150 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है, जिससे साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल प्रदेश में निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि उसके माध्यम से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। नई औद्योगिक इकाई से नवा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार श्रम आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अपने ही प्रदेश में रोजगार मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रोजगार मिलने से न केवल युवा आत्मनिर्भर बनते हैं, बल्कि उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा भी मिलती है। मुख्यमंत्री ने रोजगार के नए अवसर सृजित करने की पहल के लिए यश ग्रुप की सराहना की और परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 के तहत रोजगार देने वाले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। प्रदेश को अब तक साढ़े आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार का लक्ष्य इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर उत्पादन और रोजगार के अवसरों में बदलना है। उद्योगों की स्थापना और संचालन को आसान बनाने के लिए प्रक्रियाओं को सरल किया जा रहा है। जन विश्वास से जुड़े सुधारों के तहत 279 प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने की पहल भी की गई है।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति में निवेश के साथ रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए सब्सिडी का बजटीय प्रावधान लगभग 200 करोड़ रुपये से बढ़ाकर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक निवेश का सीधा लाभ प्रदेश के युवाओं तक पहुंचे।
वहीं, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में छत्तीसगढ़ में तीन हजार से अधिक छोटे-बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। आगामी औद्योगिक परियोजनाओं से डेढ़ लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
कार्यक्रम में यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड के सीईओ ए.एन. रविचंद्रन ने परियोजना की उत्पादन योजनाओं और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, यश ग्रुप के चेयरमैन रितेश नरेडी, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




