Chhattisgarh News: भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज से बेटियों को मिलेगी प्रेरणा, CM विष्णुदेव साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
नवा रायपुर में पहली बार हुई अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला, मुख्यमंत्री बोले—खेल प्रतिभाओं को अवसर और विश्वस्तरीय सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता

रायपुर । छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की श्रृंखला आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना इसे और भी खास बनाता है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेटरों का प्रदर्शन प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
बेटियों को खेलों से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और मेहनत से पहचान बनाने वाली महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जब प्रदेश की बेटियां विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देखेंगी, तो उनमें भी खेलों में करियर बनाने और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
इस ऐतिहासिक श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का प्रत्यक्ष अनुभव देना है।
खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों के विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और बेहतर प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को प्रदेश की महत्वपूर्ण खेल संपत्ति बताते हुए कहा कि इसे छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ी हैं। इससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के साथ युवा खिलाड़ियों को भी बड़े स्तर के मुकाबलों से सीखने का अवसर मिल रहा है।
अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से बढ़ेगी छत्तीसगढ़ की पहचान
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित हो चुके हैं। राज्य सरकार की पहल पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबले भी यहां सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला प्रदेश को प्रमुख क्रिकेट केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजन केवल खेल संस्कृति को मजबूत नहीं करते, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति देते हैं। खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के आगमन से पर्यटन, होटल, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र को लाभ मिलता है। इसके साथ ही रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
नवा रायपुर को स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवा रायपुर आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित हो रहा है। सरकार का लक्ष्य इसे एक सुव्यवस्थित राजधानी के साथ देश के प्रमुख स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान दिलाना है। इसके लिए मौजूदा खेल सुविधाओं का बेहतर उपयोग और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ी विश्व मंच पर लगातार उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, प्रशिक्षित करने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों की खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह श्रृंखला खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का उदाहरण बनेगी। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में आयोजित यह ऐतिहासिक श्रृंखला प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।




