
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को देश और दुनिया तक पहुंचाने के लिए जियोहॉटस्टार को इसका आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर बनाया गया है। इसके तहत लीग के सभी 18 मुकाबलों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के मैच प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में देखे जा सकेंगे। इससे रायपुर के मैदान पर खेलने वाले राज्य के खिलाड़ियों की प्रतिभा को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त है। इसे राज्य में हॉकी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रतियोगिता में छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। वहीं, टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा।
दिग्गज खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
लीग में भारतीय हॉकी के कई अनुभवी और चर्चित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे नाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी के प्रमुख आकर्षण होंगे और अपने अनुभव से प्रतियोगिता को रोमांचक बनाएंगे।
पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए पहले दिन एक प्रदर्शनी मुकाबले का भी आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना और राज्य में हॉकी के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाना है।
राज्य के खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत है। इसका उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि जियोहॉटस्टार पर सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग होने से लीग को देशभर में पहचान मिलेगी। रायपुर के मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को व्यापक दर्शक वर्ग देख सकेगा, जिससे राज्य में हॉकी को नई ऊर्जा मिलेगी।
‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ से बढ़ेगा खेल का उत्साह
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य राज्य में हॉकी का माहौल मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों को अधिक अवसर देना और राष्ट्रीय खेल के विकास को गति प्रदान करना है। ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ टैगलाइन के साथ यह प्रतियोगिता राज्य की खेल पहचान और क्षेत्रीय गौरव को भी सामने लाएगी।
जियोहॉटस्टार पर हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में मैचों की उपलब्धता से दर्शकों को अपनी पसंदीदा भाषा में मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस पहल से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को नई पहचान मिलेगी और राज्य में हॉकी के प्रति युवाओं का आकर्षण बढ़ेगा।



