छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

वनांचल गांवों में पहुंचे विजय शर्मा, चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अंधरीकछार, बोरिया और महली सहित विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी की गईं।

उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करना और पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की शिकायतों की जांच कर उनका जल्द निराकरण किया जाए।

गांवों में विकास कार्यों के लिए राशि की घोषणा

दौरे के दौरान ग्राम अंधरीकछार में सीसी सड़क निर्माण, धरसा मार्ग, महामाया मंदिर के लिए राशि, मंच निर्माण और समतलीकरण सहित विभिन्न कार्यों की घोषणा की गई। वहीं ग्राम बोरिया में खाद गोदाम, सीसी सड़क और महादेव मंदिर के पास मंच निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की गई।

इसके अलावा ग्राम कापा में सामुदायिक भवन और सीसी सड़क, सिरमी में सामुदायिक भवन एवं सड़क निर्माण तथा महली में मंच, सामुदायिक भवन, सीसी सड़क और पुलिया निर्माण जैसे कार्यों की घोषणा की गई। इन विकास कार्यों का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और गांवों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।

तीन गांवों में 427 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत

जनचौपाल के दौरान विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अंधरीकछार में 163, बोरिया में 128 और अचानकपुर में 136 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। इस तरह तीनों गांवों में कुल 427 आवासों को मंजूरी मिली है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को जल्द पक्के मकान का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गन्ना किसानों को मिलेगा शक्कर कारखाने का लाभांश

उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिससे गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और सहयोग से भोरमदेव शक्कर कारखाने ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी का गौरव हासिल किया है। उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार गन्ना किसानों को शक्कर कारखाने से लाभांश राशि मिलने जा रही है।

मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर मांगी खुशहाली

दौरे के दौरान विजय शर्मा ने ग्राम बोरिया में आदि शक्ति मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर कबीरधाम जिले सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों और क्षेत्र में चलने वाले विकास कार्यों पर चर्चा की। इसके बाद वे भलपहरी, अचानकपुर और बोइरकछरा में जनसंपर्क के लिए रवाना हुए।

Related Articles

Back to top button