
रायपुर । छत्तीसगढ़ ज़कात फाउंडेशन, रायपुर की ओर से Mission Taleem के तहत 12वां एज़ाज़ी प्रोग्राम रविवार, 6 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 3 बजे से शहीद स्मारक भवन, जी.ई. रोड, रायपुर में होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद और प्रतिभावान विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके हुनर और उपलब्धियों को सम्मान देना है। इस अवसर पर करीब 350 मुस्लिम विद्यार्थियों को उनकी शिक्षा जारी रखने के लिए स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी।
शिक्षा और हुनर को मिलेगा सम्मान
एज़ाज़ी प्रोग्राम में समाज में शिक्षा की अलख जगाने और विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने वाले विभिन्न स्कूलों के मुस्लिम शिक्षकों का इस्तेक़बाल और सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले तथा स्कूल-कॉलेज स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में ‘माहिर-ए-हुनर’ के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों का भी एज़ाज़ किया जाएगा। इनमें उर्दू भाषा पढ़ना-लिखना, उर्दू एवं अरबी कैलीग्राफी, Generative AI, Tally, MS Office, Basic Computer और Heena Art जैसे कोर्स शामिल हैं।
कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
कार्यक्रम में बतौर मेहमान-ए-ख़ुसूसी जनाब अमरजीत सिंह छाबड़ा, चेयरमैन, अल्पसंख्यक आयोग एवं राज्य मंत्री दर्जा; जनाब मिर्ज़ा एजाज़ बेग, चेयरमैन, छत्तीसगढ़ हज कमेटी एवं राज्य मंत्री दर्जा; मोहतरमा शम्मी नाहिद, CEO, वक़्फ़ बोर्ड छत्तीसगढ़ तथा जनाब आकाश तिवारी, नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम रायपुर शामिल होंगे।
बच्चों की हौसला-अफ़ज़ाई का मंच
छत्तीसगढ़ ज़कात फाउंडेशन का यह आयोजन केवल छात्रवृत्ति वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ हुनर सीखने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।
फाउंडेशन की ओर से लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि समाज के प्रतिभाशाली और जरूरतमंद बच्चों को प्रोत्साहन देने से उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक माहौल मजबूत होता है।




