
रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में ग्राहक की इनोवा कार का इंजन कथित तौर पर बदलने के मामले में पुलिस ने गैराज संचालक समेत दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। सेकेंड हैंड कार कारोबारी ड्रीम कार वर्ल्ड अमलीडीह के संचालक सन्नी बीरे की शिकायत पर पुलिस ने हेमंत विश्वकर्मा और जयदीप सिंह के खिलाफ गबन के आरोप में धारा 316 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शिकायत के अनुसार, कारोबारी ने अपनी इनोवा क्रमांक CG 04 DN 9099 को डेंट-पेंट और शॉकअप के काम के लिए कचना ओवरब्रिज के नीचे संचालित हेमंत गैरेज में दिया था। काम पूरा होने के बाद 4 अगस्त को जब वाहन स्टार्ट किया गया तो इंजन की आवाज में बदलाव महसूस हुआ।
इसके बाद बोनट खोलकर जांच करने पर कथित तौर पर पता चला कि वाहन में लगा मूल इंजन बदलकर दूसरे वाहन का इंजन लगाया गया है। शिकायत में इनोवा के मूल इंजन का नंबर 6377545, जबकि लगाए गए दूसरे इंजन का नंबर 6589508 बताया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले की जानकारी गैराज संचालक को देने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने के बाद कथित तौर पर मूल इंजन दोबारा वाहन में लगा दिया गया। जिस वाहन से दूसरा इंजन निकाले जाने की बात सामने आई है, उसका नंबर CG 04 DU 3500 बताया गया है।
इंजन बदलने को लेकर उठे सवाल
मरम्मत और डेंट-पेंट के लिए गैराज में पहुंची गाड़ी का इंजन कथित तौर पर बदल दिए जाने के बाद गैराज की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर वाहन का इंजन किसकी अनुमति से बदला गया? दूसरे वाहन का इंजन इनोवा में क्यों लगाया गया? और यदि इंजन बदला गया था तो वाहन मालिक को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई?
फिलहाल खम्हारडीह पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि वाहन का इंजन बदलने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, दूसरे वाहन का इंजन वहां कैसे पहुंचा और पूरे मामले में दोनों आरोपियों की क्या भूमिका रही।




