
रायपुर । छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने की दिशा में राज्य शासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरागी के आश्रित ग्राम परसा में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवनों का निर्माण किया जाएगा। दोनों भवनों के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से कुल 33 लाख 90 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी की पहल से स्वीकृत इस कार्य से गांव के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नए भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए सुविधायुक्त स्थान मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा संबंधी आधारभूत संरचना मजबूत होगी।
प्राथमिक और माध्यमिक शाला भवनों के लिए अलग-अलग राशि स्वीकृत
ग्राम परसा में नवीन प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये तथा नवीन माध्यमिक शाला भवन के लिए 19 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों निर्माण कार्यों को उच्च प्राथमिकता में रखा गया है।
यह स्वीकृति डीएमएफ शासी परिषद की 11 मई 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप जारी की गई है। निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपी गई है।
वनांचल में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर जोर
खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास के माध्यम से विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। ग्राम परसा में स्कूल भवनों का निर्माण इसी पहल का हिस्सा है।
नए भवन उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार से बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने में सहायता मिलेगी।
निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा का होगा पालन
जिला प्रशासन ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण शुरू होने से पहले, कार्य के दौरान और निर्माण पूरा होने के बाद स्थल के फोटो लेना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा, कार्यस्थल पर सूचना फलक लगाया जाएगा, जिसमें योजना का नाम, स्वीकृत राशि तथा निर्माण कार्य प्रारंभ होने और पूरा होने की तिथि का उल्लेख किया जाएगा।
निर्माण एजेंसी को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक कार्य की प्रगति रिपोर्ट डीएमएफ को प्रस्तुत करनी होगी। सभी निर्माण कार्य स्वीकृत राशि की निर्धारित सीमा के भीतर ही पूरे किए जाएंगे।
ग्राम परसा में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवनों की स्वीकृति से वनांचल क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। यह पहल ग्रामीण बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




