
रायगढ़। वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरागी के आश्रित ग्राम परसा में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) से कुल 33 लाख 90 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। नए भवनों के निर्माण से स्थानीय बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर और सुविधायुक्त वातावरण मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की पहल पर परसा गांव में स्कूल भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
प्राथमिक शाला के लिए 14.30 लाख, माध्यमिक शाला के लिए 19.60 लाख रुपये मंजूर
परसा गांव में नवीन प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये और नवीन माध्यमिक शाला भवन के लिए 19 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों निर्माण कार्यों को उच्च प्राथमिकता में शामिल किया गया है।
यह प्रशासकीय स्वीकृति डीएमएफ शासी परिषद की 11 मई 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप जारी की गई है। निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपी गई है।
डीएमएफ के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। परसा में स्कूल भवनों का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर रहेगा जोर
जिला प्रशासन ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण शुरू होने से पहले, कार्य के दौरान और निर्माण पूरा होने के बाद स्थल की तस्वीरें लेना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा, निर्माण स्थल पर सूचना फलक लगाया जाएगा। इसमें योजना का नाम, स्वीकृत राशि तथा निर्माण कार्य शुरू होने और पूरा होने की तिथि का उल्लेख करना होगा।
हर महीने भेजनी होगी प्रगति रिपोर्ट
निर्माण एजेंसी को प्रत्येक महीने की 5 तारीख तक कार्य की प्रगति रिपोर्ट डीएमएफ को भेजनी होगी। साथ ही, दोनों भवनों का निर्माण स्वीकृत राशि के भीतर पूरा करना अनिवार्य होगा।
इन नए भवनों के निर्माण से परसा गांव के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, वनांचल क्षेत्र में शिक्षा के लिए जरूरी आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।



