छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

किसानों की मांगों को लेकर आप का प्रदर्शन, शिवराज सिंह चौहान को दिखाए काले झंडे

रायपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और सरकार की कथित वादाखिलाफी के विरोध में आम आदमी पार्टी, छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ प्रदर्शन किया। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र के आप पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और काले झंडे दिखाए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने किसानों के हित में विभिन्न मांगें उठाईं। आप के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने वाले कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

अभिषेक मिश्रा ने केंद्र और राज्य सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में किए गए वादों को पूरा किया जाना चाहिए और उन्हें अनावश्यक प्रक्रियाओं के नाम पर परेशान करना बंद किया जाए।

आप ने मांग की कि जिन किसानों की किसान सम्मान निधि की राशि लंबित है, उन्हें जल्द भुगतान किया जाए। पार्टी ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने तथा किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने की मांग भी की।

इसके अलावा पार्टी ने एग्रीस्टेक और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को होने वाली परेशानी पर रोक लगाने की मांग की। आप नेताओं ने कहा कि आगामी धान खरीदी सीजन में प्रदेश के सभी किसानों के पूरे धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए, ताकि कर्ज और आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को नुकसान न उठाना पड़े।

पार्टी ने आधार, ई-केवाईसी, बैंक खाते, भूमि रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों में होने वाली त्रुटियों को दूर करने के लिए विशेष शिविर आयोजित कर जल्द सुधार करने की भी मांग रखी।

आम आदमी पार्टी ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया और उनके हितों की अनदेखी जारी रही, तो पार्टी प्रदेश स्तर पर आंदोलन को और तेज करेगी।

Related Articles

Back to top button