
रायपुर । आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने बलरामपुर जिले में बदहाल सड़कों के मुद्दे को लेकर प्रदेश प्रवक्ता लव कुमार दुबे की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने मुख्यमंत्री से बलरामपुर कलेक्टर को तत्काल हटाने और आप नेता को तुरंत रिहा करने की मांग की है।
देवलाल नरेटी ने कहा कि बलरामपुर जिले की कई सड़कें लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है और खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। ऐसे में जब लव कुमार दुबे ग्रामीणों के साथ सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर आवेदन देने पहुंचे और प्रशासन से सवाल किए, तो उनकी गिरफ्तारी कर दी गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि जिले में नियमित रूप से टीएल बैठकें आयोजित होती हैं, इसके बावजूद यदि कलेक्टर को जिले की जर्जर सड़कों की जानकारी नहीं थी, तो यह प्रशासन की गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन को सड़कों की स्थिति की जानकारी थी, तो समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
नरेटी ने कहा कि जनता की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखना विपक्ष और जनप्रतिनिधियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने लव कुमार दुबे की गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि लव कुमार दुबे को जल्द रिहा नहीं किया गया और बलरामपुर कलेक्टर को हटाने की मांग पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी कार्यकर्ता आम जनता के साथ मिलकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे।
देवलाल नरेटी ने कहा कि इस आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। पार्टी ने सरकार से जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।




