छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

किसान हित और संगठन विस्तार को लेकर भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में बनी रणनीति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर सरकार की योजनाओं का प्रचार करने का किया आह्वान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में किसानों के हित, संगठन के विस्तार और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से किसानों तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा भाजपा संगठन का महत्वपूर्ण अंग है और इसके कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का आह्वान किया।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों और कृषि क्षेत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार तथा प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा किसानों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी व्यापक रूप से पहुंच सकता है, जब कार्यकर्ता गांवों तक जाकर किसानों को इसकी जानकारी दें।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने की अपील की।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर ने संगठन की गतिविधियों और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा को प्रदेश के प्रत्येक गांव और किसान परिवार से जोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने की कार्ययोजना भी बैठक में रखी गई।

कार्यसमिति में किसानों से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसमें प्रदेश के किसानों की आवश्यकताओं, कृषि क्षेत्र को और मजबूत करने तथा किसानों के लिए बेहतर योजनाओं और सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए किसान हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों, नक्सल उन्मूलन, किसानों के हित में किए जा रहे निर्णयों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा देने के लिए लगातार काम कर रही है और किसान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को धान बेचने में अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 354 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचे, इसके लिए संगठन के कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर गांव-गांव जाएं तथा किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति देने के साथ प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।

बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर, विशेश्वर पटेल, संदीप शर्मा, नवीन मार्कण्डेय, चंद्रहास चंद्राकर, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी बजरंगी प्रसाद यादव, राष्ट्रीय मंत्री पिंकी शिवराज शाह, पवन साहू, पूनम चंद्राकर, अशोक बजाज, राकेश तिवारी, ओमप्रकाश देवांगन, मुन्नालाल चौधरी, अनिल अग्रवाल, बबलू शर्मा, यशवर्धन वर्मा, भुवनेश्वर चंद्राकर, देवेंद्र ठाकुर, राजेश साहू, प्रशांत ठाकुर सहित किसान मोर्चा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button