15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी आंधी

नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को देश के 15 राज्यों के लिए भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, मानसून की गतिविधियां तेज होने से कई राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
यूपी-बिहार में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। तेज हवाओं से पेड़, बिजली के खंभे और खड़ी फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहें। साथ ही परिवहन और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम लगातार करवट बदल रहा है। आईएमडी ने 18 जुलाई के लिए बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में उमस बनी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से मौसम में राहत मिल सकती है।
वहीं 19 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज के साथ बारिश की संभावना है, लेकिन उमस बनी रहेगी। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने एक और येलो अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ी राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शिमला स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून और एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्यभर में व्यापक बारिश होने की संभावना है।
शनिवार को मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में भी खतरे की चेतावनी
आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ दिनों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है। विभाग ने शनिवार रात, रविवार सुबह और 20 से 22 जुलाई के बीच लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान मौसम काफी खराब रहने की संभावना है।



