देश

केतन की मौत, टूट गई मां की दुनिया, न्याय की उम्मीद

महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। बेटे को खोने के बाद उनकी मां राखी अग्रवाल ने न्याय की उम्मीद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने ईमेल के जरिए पीएम को अपनी व्यथा सुनाई है और दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।

राखी अग्रवाल ने अपने पत्र में बहुत ही भावुक बातें लिखी हैं। उन्होंने कहा कि एक मां के तौर पर उनके भी सपने थे कि बेटा खुश रहे और परिवार के साथ रहे। लेकिन, उनकी किस्मत में बेटे का अंतिम संस्कार देखना लिखा था। मां ने बताया कि घर का हर कोना अब केतन की याद दिलाता है और उसकी हंसी गायब होने के बाद घर में केवल सन्नाटा पसरा है।

इस परिवार पर दुखों का पहाड़ यहीं नहीं टूटा। मां ने पत्र में बताया कि केतन की मौत के महज 20 दिन बाद ही उनके दादाजी का भी निधन हो गया। वे अपने पोते को खोने का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाए। राखी अग्रवाल ने साफ कहा है कि वे सरकार से किसी तरह की रियायत या सहानुभूति नहीं चाहतीं। उनका एकमात्र लक्ष्य केवल यह है कि उनके बेटे के हत्यारों को कानून के तहत सख्त सजा मिले।

केतन अग्रवाल की हत्या की घटना के बाद से ही पुणे में हड़कंप मचा हुआ है। अब इस मामले में प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाने के बाद पुलिस और प्रशासन पर दोषियों को जल्द पकड़कर न्याय दिलाने का दबाव और बढ़ गया है। परिवार को अब बस इसी बात का इंतजार है कि उन्हें इंसाफ कब मिलेगा।

Related Articles

Back to top button