देश

चंद्रपुर में नाबालिग से गैंगरेप

चंद्रपुर: एक बार फिर मानवता शर्मसार हुई है। चंद्रपुर ज़िले से आई एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन को हिला दिया है, बल्कि पूरे समाज के सामने एक भयावह सवाल खड़ा कर दिया है। क्या अब बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं रहीं? शुक्रवार को एक नाबालिग लड़की ने अपने पिता के साथ शेगाव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि 3 आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

इस घिनौनी हरकत के बाद पीड़िता मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गई। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है, और पुलिस प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि यह घटना 24 मई 2025, गर्मियों के दौरान हुई थी। तीनों आरोपी उसे झांसे में लेकर सुनसान जगह ले गए और वहां बलात्कार किया। घटना को कैमरे में रिकॉर्ड किया गया और कुछ दिन बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दिया गया।

आरोपियों पर कड़ी धाराओं में मामला दर्ज

पीड़िता के मुताबिक, उसने डर और बदनामी के कारण इतने दिनों तक चुप्पी साधे रखी, लेकिन जब वीडियो वायरल होने लगा तो उसने साहस जुटाकर अपने पिता को सारी सच्चाई बताई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ़्तार कर लिया। उन पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 70(2), 123, पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(ई) और 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चंद्रपुर में बेटियां गायब

जांच की ज़िम्मेदारी उपविभागीय पुलिस अधिकारी राकेश जाधव को सौंपी गई है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ा कोई भी वीडियो या तस्वीर शेयर न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बीच एक और भयावह सच्चाई सामने आई है।
विधानसभा में विधायक किशोर जोरगेवार ने खुलासा किया कि बीते अढ़ाई वर्षों में चंद्रपुर ज़िले से 2,730 महिलाएं और लड़कियां लापता हुई हैं।

214 बेटियां अब भी लापता

इनमें से अब तक 2,516 का पता चला है, लेकिन 214 अब भी गायब हैं। हर दिन औसतन 3 महिलाएं या बच्चियां लापता हो रही हैं। विधायक का आरोप है कि सोशल मीडिया के ज़रिए अजनबियों से संपर्क, फिर विश्वास जीतकर धोखे से उन्हें दूसरे राज्यों में भेजकर मानव तस्करी और शोषण किया जा रहा है।

विधायक की विधानसभा में मांग:

  • कानून में बदलाव और विशेष मिशन शुरू हो!
  • लापता लड़कियों के लिए विशेष खोज अभियान चलाया जाए।
  • सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों को रोकने के लिए कड़ा और अलग कानून बनाया जाए।
  • राज्य स्तर पर साइबर क्राइम और मानव तस्करी के लिए स्वतंत्र इकाई बनाई जाए।

Related Articles

Back to top button