छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कराज्यरायपुर

छत्तीसगढ़ में 2 दिन बारिश का अलर्ट: उत्तर-मध्य और पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा; कोरबा में किशोर बहा

प्रदेश में अब तक सामान्य से 2% कम बारिश, बलरामपुर में 75% ज्यादा तो बेमेतरा में 39% कम पानी बरसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल में गुरुवार सुबह हसदेव नदी में नहाते समय 15 साल का किशोर तेज बहाव में बह गया। घटना सुबह करीब 7 बजे की है। किशोर एनीकट में नहा रहा था, तभी अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बहते देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन अभी उसका पता नहीं चल पाया है।

कई जिलों में 40 मिमी तक बारिश

पिछले 24 घंटे में जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में 40-40 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। अंबिकापुर, कोटाडोल, प्रतापपुर, गिधौरी-टुंड्रा, दरिमा, बेलगहना, सोनहत, बिल्हा और पामगढ़ समेत कई इलाकों में 30 मिमी तक पानी गिरा। वहीं कई स्थानों पर 20 मिमी के आसपास बारिश दर्ज की गई।

1 जून से अब तक 2% कम बारिश

प्रदेश में 1 जून से 3 सितंबर तक औसतन 944.7 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 962.6 मिमी है। यानी 17.9 मिमी यानी करीब 2% कम पानी बरसा है। बलरामपुर में सबसे ज्यादा 1,433.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 75% अधिक है। वहीं बेमेतरा में 536.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 39% कम है।

जगदलपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

रायपुर में बादल, बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ एक-दो दौर की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button