सोनम वांगचुक की तबीयत पर डॉक्टरों ने किया बड़ा खुलासा, जानिए ताजा हाल

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर नया मेडिकल बुलेटिन सामने आया है. अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया है कि हालांकि उनके शरीर के कुछ मानक स्थिर हैं, लेकिन उनकी सेहत को लेकर चिंता अभी भी बनी हुई है.
बुलेटिन के मुताबिक सोनम वांगचुक के शरीर में ब्लड शुगर का स्तर अभी भी सामान्य से कम चल रहा है. इसके अलावा उनके खून में पोटैशियम की मात्रा भी कम पाई गई है. डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें खून से जुड़ी एक अन्य समस्या भी है, जिसमें शरीर में खून की कोशिकाएं कम हो जाती हैं. इन सभी परेशानियों के चलते उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है.
सफदरजंग और एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टर मिलकर उनका इलाज कर रहे हैं. डॉक्टरों ने उन्हें शरीर में पानी की कमी दूर करने के लिए दवाएं दी हैं. लेकिन लंबी अवधि से चल रहे उपवास के कारण वह नस के जरिए ग्लूकोज या अन्य जरूरी तरल पदार्थ लेने से लगातार मना कर रहे हैं.
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनके शरीर में अभी भी कमजोरी और पानी की कमी बनी हुई है. उनकी हर जांच रिपोर्ट पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें. डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत में होने वाले सुधार के आधार पर ही आगे का इलाज तय करेगी.




