
रायपुर। रायपुर के गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 29 स्थित मयूर क्लब, सरस्वती नगर में “संवाद से समाधान” अभियान के अंतर्गत एक प्रभावी जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वार्ड पार्षद कैलाश बेहरा ने किया, जिसमें सिविल लाइन थाना, रायपुर के थाना प्रभारी दीपक पासवान अपनी टीम सहित उपस्थित रहे।
इस अवसर पर थाना प्रभारी दीपक पासवान ने मोहल्लेवासियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने रात्रि के समय कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अड्डेबाजी, नशाखोरी, गाली-गलौज एवं छेड़खानी जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने रखीं। पुलिस प्रशासन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड की संकरी गलियों में अवैध रूप से कार खड़ी करने की समस्या भी उठाई गई, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। थाना प्रभारी दीपक पासवान एवं उनकी टीम ने मौके पर ही समझाइश देते हुए समस्या का समाधान कराया और भविष्य में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पार्षद कैलाश बेहरा एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से कहा कि “संवाद से समाधान” अभियान के तहत समय-समय पर बैठकें आयोजित कर क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। साथ ही, वार्ड में अपराध नियंत्रण हेतु नियमित गश्त और सतत निगरानी जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी हुई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी दीपक पासवान के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई, गिरफ्तारी एवं जेल भेजने की सख्त नीति से असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण बना है। लगातार की जा रही कार्रवाई से नशे के अवैध नेटवर्क पर भी प्रभावी प्रहार हुआ है और शहर में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के लिए रायपुर में कोई स्थान नहीं है—कानून का पालन अनिवार्य है, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।
पुलिस प्रशासन आमजन से अपील करता है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें, ताकि सभी की सहभागिता से सुरक्षित, अपराधमुक्त और व्यवस्थित रायपुर का निर्माण किया जा सके।




