शराब पीने वालों के पहले गुर्दे खराब होते हैं या लिवर? जानें किन लक्षणों से चलेगा पता

आजकल लोगों ने शराब को स्ट्रेस की दवा समझ लिया है, देखा जा रहा है कि यंग जनरेशन भी शराब का सेवन बहुत ज्यादा करने लगी है। जबकि आज के समय में जब हर किसी को अपने स्वास्थ्य की इतनी जानकारी है और हर किसी के पास इंटरनेट है जो पलक झपकते ही शराब पीने के साइड इफेक्ट्स के बारे में बता देता है। फिर भी शराब का सेवन करना लोग कम नहीं कर रहे हैं। आजकल हम में से ज्यादातर लोगों को जानकारी है कि शराब पीने से गुर्दे व लिवर खराब हो जाते हैं, लेकिन अक्सर यह सवाल भी आता है कि आखिर शराब पीने से पहले खराब क्या होता है। लिवर या गुर्दे किस पर शराब का सबसे ज्यादा असर पड़ता है। इस बारे में पूरी जानकारी एक्सर्ट्स ही दे सकते हैं और इसलिए दिल्ली में स्थित श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट की डायरेक्टर – गैस्ट्रोएंटरोलॉजी मोनिका जैन ने इस बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
पहले गुर्दे खराब होंगे या लिवर?
डॉ. मोनिका के अनुसार आमतौर पर शराब का सबसे ज्यादा सीधा और शुरुआती असर लिवर पर पड़ता है, क्योंकि शरीर में जाने के बाद शराब को तोड़ने और साफ करने का काम सबसे पहले लिवर ही करता है। अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक और ज्यादा मात्रा में शराब पीता है तो शुरुआत फैटी लिवर से होती है, फिर अल्कोहलिक हेपेटाइटिस और बाद में सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी तक बात पहुंच सकती है। इसलिए ज्यादातर मामलों में यही देखा गया है कि शराब का असर किडनी से पहले लिवर पर ही पड़ता है।
शराब का किडनी पर असर
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि किडनी सुरक्षित रहती है। शराब शरीर में पानी की कमी करती है, ब्लड प्रेशर बढ़ा सकती है और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगाड़ देती है, जिससे धीरे-धीरे किडनी पर भी दबाव पड़ता है। जिन लोगों को पहले से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या हृदय रोग है, उनमें शराब किडनी को जल्दी नुकसान पहुंचा सकती है। लिवर अक्सर पहले प्रभावित होता है, लेकिन अगर शराब की आदत जारी रहती है तो बाद में किडनी, दिल और दिमाग भी प्रभावित हो सकते हैं।
डॉ. मोनिका के अनुसार अगर किसी को पेट के दाहिने हिस्से में दर्द, पीलिया, पैरों में सूजन, पेशाब में बदलाव या अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच करानी चाहिए। शराब सीमित मात्रा में भी जोखिम से खाली नहीं है, इसलिए बेहतर है कि इससे दूरी बनाए रखें या बिल्कुल छोड़ दें। हालांकि, कई बार ऐसा भी हो सकता है कि शराब पीने के कारण आपका लिवर या किडनी अंदर ही अंदर खराब हो रहे हों और उनसे जुड़े लक्षण दिखने में देरी हो जाए। इसलिए जो लोग शराब का सेवन करते हैं, उन्हें जल्द से जल्द शराब छोड़ देनी चाहिए और लिवर व किडनी के हेल्थ का पता लगाने के लिए जरूरी टेस्ट करा लेने चाहिए।
हेल्दी लाइफस्टाइल है जरूरी
अगर आप अपने लिवर, किडनी और शरीर के अन्य अंदरूनी अंगों को हेल्दी रखना चाहते हैं और अलग-अलग प्रकार की एक्यूट व क्रॉनिक बीमारियों से दूर रहना चाहते हैं तो उसके लिए एक हेल्दी लाइफस्टाइल बेहद जरूरी है। हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए आप निम्न टिप्स फॉलो कर सकते हैं –
- रोजाना थोड़ा बहुत एक्सरसाइज जरूर करें और कम से कम 20 मिनट पैदल चलें
- हेल्दी डाइट लें में जिसमें मौसमी फल व सब्जियां हों और तला-भुना कम से कम हो
- रोजाना पर्याप्त पानी पिएं और कार्बोनेटेड वाटर, सोड़ा व शुगर ड्रिंक्स का सेवन न करें
- खाने में बहुत ज्यादा मीठा (चीनी) या बहुत ज्यादा नमक का इस्तेमाल न करें
- रोजाना पर्याप्त नींद लें और समय पर सोएं व उठें और रात को फोन का इस्तेमाल न करें
- मानसिक स्वास्थ्य को अच्छा बनाए रखने के लिए मेडिटेशन व योग आदि कर सकते हैं।




