
थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन निश्चय” के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों के परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तिल्दा नेवरा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
दिनांक 18 मार्च 2026 को थाना तिल्दा नेवरा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति रेलवे ओवरब्रिज के नीचे, तिल्दा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपाकर बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है तथा उसके फरार होने की संभावना है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर विधिवत् कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रज्वल किसन हुके, पिता किसन हुके, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 27, फुलफेल आनंद नगर, थाना एवं जिला वर्धा (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक सफेद रंग के झोलानुमा थैले में रखा हुआ कुल 02 किलो 267 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,13,350 रुपये है, बरामद किया गया। आरोपी द्वारा उक्त गांजा को विशेष रूप से सिलाई कर पेट के ऊपर बांधकर कपड़ों से छिपाया गया था।
उक्त कृत्य अपराध पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 120/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया है।
कार्यवाही पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री प्रशांत शुक्ला एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक बी.एल. देवांगन एवं पुलिस टीम के सदस्यों – प्रधान आरक्षक जालम साहू, आरक्षक महेन्द्र वर्मा, कुलदीपक वर्मा एवं बलराम वर्मा द्वारा इस सफल कार्यवाही को अंजाम दिया गया।




