जोस बटलर ने 400 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की

नई दिल्ली । इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने 400 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, और वह जेम्स एंडरसन के बाद यह मुकाम पाने वाले केवल दूसरे इंग्लिश क्रिकेटर बन गए हैं। बटलर ने अपने शानदार करियर में अब तक 14 शतकों की मदद से 12,291 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं।
अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 मैच खेलने वाले इंग्लैंड के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मंगलवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। 35 वर्षीय बटलर दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन से बस थोड़ा ही पीछे हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के लिए सभी प्रारूपों में सबसे अधिक मैच खेले हैं।
विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक एंडरसन ने इंग्लैंड के लिए 401 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इस महान क्रिकेटर ने सभी प्रारूपों में 991 विकेट लिए। बटलर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 14 शतकों के साथ 12291 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में बटलर ने 57 मैचों और 100 पारियों में 31.94 के औसत से 2907 रन बनाए हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टेस्ट प्रारूप में दो शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं। वनडे में बटलर ने 198 मैचों और 171 पारियों में 39.11 के औसत से 5515 रन बनाए हैं। 35 वर्षीय बटलर ने 11 शतक और 29 अर्धशतक लगाए हैं।




