भाजपा सांसदों की कार्यशाला का सांसद बृजमोहन ने किया संचालन

शहरी स्वच्छता और समुचित शहरीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा
त्योहारों में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर प्रधानमंत्री मोदी का विशेष आह्वान
नई दिल्ली/रायपुर. सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में आयोजित भाजपा सांसदों की कार्यशाला में सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस अवसर पर उन्होंने शहरी सांसदों की स्वच्छता पर केंद्रित कार्यशाला का संचालन किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने बैठक में स्वच्छता अभियान एवं समुचित शहरीकरण पर विशेष जोर दिया। उनका स्पष्ट कहना था कि यदि शहरों का विकास योजनाबद्ध और सशक्त ढंग से होगा, तो गांव और ग्रामीण सभ्यता का विकास अपने आप सुनिश्चित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सांसदों से आह्वान किया कि त्यौहारों के समय अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की खरीद से न केवल स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा मिलेगा बल्कि देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में और तेज़ी से आगे बढ़ेगा। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और अर्थव्यवस्था और भी सशक्त बनेगी।
सांसद बृजमोहन ने यह भी कहा कि कभी भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, आज चौथे स्थान पर है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगी। यह उपलब्धि तभी स्थायी होगी जब हम सभी स्वदेशी उत्पादों को अपनाएंगे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने सांसदों को निर्देशित किया कि हाल ही में इलेक्ट्रॉनिक गेम्स पर लगाए गए प्रतिबंध की जानकारी अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक पहुंचाएं, ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित और सशक्त बन सके।
श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया गया है, उसमें स्वदेशी उत्पादों की बढ़ोतरी और उनका व्यापक उपयोग अहम भूमिका निभाएगा। यही ग्रामीण समृद्धि, शहरी विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
श्री बृजमोहन अग्रवाल ने हाल ही में हुए GST सुधारों को क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि यह कदम आम नागरिकों के जीवन में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला है।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों से बीमा और जीवन-उपयोगी दवाइयाँ बेहद सस्ती होंगी। साथ ही डेयरी उत्पादों और रोजमर्रा की जरूरत का सामान भी अब लोगों को कम दामों पर उपलब्ध होगा।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के समय यह निर्णय उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। इससे आमजन को सस्ता और गुणवत्तापूर्ण सामान मिलेगा, व्यापार को नई गति मिलेगी और आर्थिक गतिविधियाँ तेज होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में किए जा रहे ये सुधार आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को मज़बूत करने वाले हैं और देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे।




