
सुकमा । कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकुन्द ठाकुर के कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के अंतर्गत पंचायत संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) में 09 मार्च से 11 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में विकासखण्ड छिन्दगढ़ एवं कोंटा के कुल 65 सरपंचों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर ने उपस्थित सरपंचों को संबोधित करते हुए पंचायत से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के दायित्व, पंचायत राज अधिनियम, पेसा नियम, एलएसजीडी विषय, पीएआई, ओएसआर, पंचायती राज व्यवस्था की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम सभा की शक्ति, वित्तीय प्रबंधन तथा स्थानीय विकास योजनाओं के निर्माण एवं निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
सरपंच अपने पंचायत की जिम्मेदारी स्वयं लें :
ठाकुर ने सभी सरपंचों से अपने-अपने पंचायतों की जिम्मेदारियों को भली-भांति समझकर उन्हें गंभीरता एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया। उन्होंने सरपंचों को अपने-अपने पंचायतों में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्वक 30 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने हेतु कहा।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) :
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन शौचालयों को शीघ्र पूर्ण करने तथा ग्रामीणों द्वारा शौचालयों के नियमित उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एनआरएलएम ‘बिहान’ योजना :
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत महिला स्व-सहायता समूह (ैभ्ळ) के गठन पर जोर देते हुए कहा गया कि इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।
ग्राम स्तरीय संस्थानों के निरीक्षण पर जोर :
बैठक के दौरान ठाकुर ने सरपंचों को ग्राम स्तर के सभी संस्थानों जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल एवं पीडीएस भवन का नियमित निरीक्षण करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सरपंचों के साथ संवाद करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा उनके साथ भोजन भी किया गया तथा पंचायतों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।



